Bangladesh Protest: बांग्लादेश में थम रही हिंसा… क्या वापस वतन जाएंगी शेख हसीना, सामने आया बड़ा अपडेट

बांग्लादेश में हुई हिंसा के बाद शेख हसीना प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर भारत आ गई थीं और इसके बाद से ही वे यहां हैं। हालांकि, इस बीच उनके अमेरिका और ब्रिटेन जाने की खबरें भी सामने आई थी। अब बताया जा रहा है कि हसीना कुछ समय तक और भारत में रह सकती हैं।
HIGHLIGHTS
- छात्रों के प्रदर्शन के बाद बांग्लादेश में हुई थी हिंसा
- अब बांग्लादेश में अंतरिम सरकार की गई है गठित
- हिंसा के बीच कड़ी सुरक्षा में भारत आ गई थीं हसीना
एजेंसी, नई दिल्ली (Bangladesh Protest)। बांग्लादेश में हुई हिंसा के बाद शेख हसीना भारत में रह रहीं है। उधर, बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का गठन कर दिया है। इसके बाद वहां हिंसा के मामले में थमते दिख रहे हैं। ऐसे में अब सवाल है कि शेख हसीना कब तक भारत रहेंगी और उन्हें यहां राजनीतिक शरण दी जाएगी या वे वीजा पर रहेंगी।
जानकारी के अनुसार शेख हसीना लंबे समय तक भारत में रह सकती हैं। साथ ही वे दूसरे देश में रहने का भी विकल्प तलाश रही हैं, इसके लिए बातचीत का दौर जारी है। अंग्रेजी समाचार वेबसाइट न्यूज 18 ने शीर्ष सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि शेख हसीना लंबे समय तक भारत में रहेंगी। वे यहां प्रवास वीजा पर रहेंगी, न कि शरण या शरणार्थी श्रेणी में।
कहां विकल्प तलाश रहीं हसीना
गौरतलब है कि इससे पहले खबरें थी कि हसीना लंदन जा सकती है। वहीं, अमेरिका में भी उनके द्वारा प्रयास करने की जानकारी सामने आई थी। लेकिन उनका वीजा कथित तौर पर रद्द कर दिया गया। हालांकि, उनके बेटे सजीब वाजेद जॉय ने इन खबरों का खंडन किया और बताया कि हसीना का वीजा किसी भी देश ने रद्द नहीं किया है। अब संभावना है कि वे यूएई या यूरोपीय देश जा सकती है।
पीएम मोदी का जताया आभार
सजीब वाजेद जॉय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि ‘मेरी मां की जान बचाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार की त्वरित कार्रवाई के लिए व्यक्तिगत आभार व्यक्त करता हूं। मैं पीएम मोदी का हमेशा आभारी रहूंगा।’ उन्होंने आगे कहा कि ‘भारत को दुनिया में नेतृत्व की भूमिका निभाने की जरूरत है और अन्य विदेशी शक्तियों को स्थिति को नियंत्रित करने की अनुमति नहीं देनी चाहिए, क्योंकि यह भारत का पड़ोस है। यह भारत का पूर्वी हिस्सा है।’