
सूरजपुर। जनपद पंचायत ओडगी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव से पहले माहौल तनावपूर्ण हो गया। शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसके बाद दोनों गुटों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के पति ठाकुर राजवाड़े का कुर्ता फट गया। सूत्रों के अनुसार, विवाद सीईओ केबिन में प्रवेश को लेकर शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक बढ़ गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और किसी तरह मामले को शांत कराया। कांग्रेस ने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया, जबकि भाजपा ने कांग्रेस पर चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप लगाया। इस विवाद के बीच अभी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव बाकी है, जिससे तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।