नक्सलियों के द्वारा लगाए ED ब्लास्ट में एक मजदूर की हुई मौत, दूसरा गंभीर रूप से हुआ घायल।

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर हिंसक वारदात को अंजाम दिया है। शुक्रवार सुबह छोटेडोंगर क्षेत्र में संचालित निको जायसवाल लौह अयस्क खदान के जीरो पाइंट पर IED ब्लास्ट हुआ, जिसमें काम कर रहे दो मजदूर चपेट में आ गए। इस घटना में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ब्लास्ट सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब मजदूर खदान में काम कर रहे थे। नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED की चपेट में आने से दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छोटेडोंगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान मजदूर दिलीप की मौत हो गई, जबकि हरेन्द्र की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण यहां पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। सुरक्षा एजेंसियां लगातार इलाके में नक्सल विरोधी अभियान चला रही हैं, लेकिन इसके बावजूद नक्सली अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहे हैं। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है और घायल मजदूर के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है।