
रायपुर। रायपुर नगर निगम के नवपदस्थ आयुक्त आईएएस विश्वदीप ने सोमवार को रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध संचालक (एमडी) का पदभार भी संभाल लिया। जिला धमतरी के नवपदस्थ कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने उन्हें यह प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवपदस्थ दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण करने के बाद आयुक्त विश्वदीप ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2024 की तैयारियों, राजस्व वसूली अभियान की प्रगति, विकास एवं निर्माण कार्यों की स्थिति सहित अन्य लोककल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इसके अलावा, उन्होंने निगम सामान्य सभा सभागार में आयोजित एक बैठक में रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह द्वारा आहुत नगर निगम अध्यक्ष (स्पीकर) और नगर निगम अपील समिति के सदस्यों के निर्वाचन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए प्रशासनिक दायित्वों का सुचारू रूप से निर्वहन करने के निर्देश दिए।