
रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध हथियारों की तस्करी का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए कट्टा और पिस्टल की खुलेआम डीलिंग की जा रही है। इस ग्रुप में न केवल मनपसंद हथियार उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है, बल्कि ऑल इंडिया डिलीवरी की गारंटी भी दी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस अवैध धंधे में अरुण कुमार और राहुल कुमार नाम के दो व्यक्ति मुख्य आरोपी हैं। ये लोग व्हाट्सएप ग्रुप में हथियारों की तस्वीरें साझा कर खरीदारों को लुभा रहे हैं। ग्रुप में जारी एक संदेश में लिखा गया जिस किसी भाई को सामान चाहिए, वह 8950**** नंबर पर संपर्क करे। ऑल इंडिया डिलीवरी उपलब्ध है।
एसएसपी ने दिए जांच के निर्देश।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेंद्र सिंह ने क्राइम ब्रांच को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। क्राइम ब्रांच की टीम इस ग्रुप के सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
राजधानी में बढ़ रही गोलीकांड की घटनाएं।
राजधानी में हाल के वर्षों में गोलीकांड की घटनाओं में इजाफा हुआ है।
3 जुलाई 2024 को तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक कारोबारी पर दिनदहाड़े फायरिंग हुई थी।
20 दिसंबर 2023 को लाभांडी क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने पुरानी शराब भट्टी के पास गोलीबारी की थी।
13 मई 2022 को महावीर इलाके में एक लड़की पर दो युवकों ने गोली चलाई थी।
16 अप्रैल 2024 को संजय नगर के एक युवक पर फायरिंग की शिकायत दर्ज हुई थी।
ऑल इंडिया डिलीवरी का दावा, एसएसपी ने दिए जांच के निर्देश
इस बीच, अवैध हथियारों का सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार कर बेचा जाना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। पुलिस जल्द ही इस गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सकती है।