
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की माता जसमनी देवी ने अपने स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल का रुख किया। वे राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) पहुंचीं, जहां उन्होंने आमजन की तरह बिना किसी विशेष प्रोटोकॉल के स्वास्थ्य परीक्षण कराया। मुख्यमंत्री की माता द्वारा सरकारी अस्पताल में सामान्य प्रक्रिया से जांच कराना जनता के बीच सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास को बढ़ावा देने वाला कदम माना जा रहा है। उनके इस निर्णय से मुख्यमंत्री की सादगी और सहजता की छवि को और बल मिला है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी अक्सर आमजन से जुड़ने और सरकारी सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने पर जोर देते रहे हैं। उनकी माता के इस निर्णय को एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आम जनता को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर अधिक भरोसा मिलेगा।