
रायगढ़। रायगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना वर्चस्व कायम कर लिया है। शीखा रविन्द्र गबेल को निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुना गया है। शीखा खरसिया विधानसभा क्षेत्र की निवासी हैं और जिला पंचायत क्रमांक 7 से चुनाव जीतकर अध्यक्ष बनी हैं। इस बार रायगढ़ जिला पंचायत के 18 सदस्यों में से 16 भाजपा के विजयी उम्मीदवार हैं, जिससे भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला। पार्टी हाईकमान ने शीखा रविन्द्र गबेल को अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाया था। कांग्रेस के पास मात्र दो सदस्य होने के कारण उन्होंने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा, जिससे शीखा निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दी गईं। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष शीखा रविन्द्र गबेल ने अपने चयन पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, पार्टी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की आभारी हूं। मैं अकेले इस पद पर नहीं पहुंची हूं, यह कार्यकर्ताओं और जिला पंचायत सदस्यों के समर्थन से संभव हुआ है। मैं जनता की सेवा में सदैव तत्पर रहूंगी और विकास कार्यों को गति देने का प्रयास करूंगी।शीखा गबेल के निर्विरोध निर्वाचन से भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल को लेकर क्षेत्र की जनता में भी उम्मीदें बढ़ गई हैं।