
तखतपुर। खेत में फसल की रखवाली करने गए किसान पर शेर ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसान को प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स, बिलासपुर रेफर किया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना तखतपुर थाना क्षेत्र के गाड़ाघाट गांव की है, जहां शिव कुमार जायसवाल नामक किसान धान की फसल की रखवाली करने गया था। इसी दौरान शेर ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में किसान के सिर, कंधे और हाथ पर गहरे घाव आए हैं। शेर के हमले से वह बेहोश हो गया, लेकिन होश में आने के बाद उसने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन घायल किसान को तत्काल तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स, बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
वन विभाग पर उठे सवाल।
इस घटना ने वन विभाग की लापरवाही को उजागर कर दिया है। क्षेत्र में शेर की मौजूदगी को लेकर विभाग को कोई जानकारी नहीं थी, न ही ग्रामीणों को कोई सतर्कता संबंधी निर्देश दिए गए थे।
बढ़ रही मानव-पशु संघर्ष की घटनाएं।
जानकारों का मानना है कि तखतपुर सर्कल से लगे जंगलों में हो रही अवैध कटाई के कारण जंगली जानवर भोजन और पानी की तलाश में गांव की ओर आ रहे हैं। इससे इंसानों और वन्यजीवों के बीच संघर्ष की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में सुरक्षा उपाय बढ़ाने और शेर को पकड़ने की मांग की है।