
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। हाल ही में पेश किए गए बजट में ठगी और साइबर अपराधों पर लगाम कसने के लिए प्रदेश में पांच नए साइबर रेंज थाना खोलने की घोषणा की गई है। इसके अलावा, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए 10 जिलों में एंटी-नारकोटिक्स सेल स्थापित किए जाएंगे।
ठगी के बढ़ते मामलों पर सख्ती।
प्रदेश में ठगी और साइबर अपराध के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने पांच नए साइबर रेंज थाना खोलने का फैसला किया है। इससे पहले भी बजट में पांच थाने खोलने की घोषणा की गई थी। ये नए थाना साइबर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगे।
नशे की तस्करी पर रोक।
छत्तीसगढ़ से होकर ओडिशा से गांजे की तस्करी बड़े पैमाने पर की जाती है। इसके अलावा, अफीम, चरस, ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों की सप्लाई भी जारी है। इसे रोकने के लिए राज्य सरकार ने 10 जिलों में एंटी-नारकोटिक्स सेल खोलने का निर्णय लिया है, जिससे नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाई जा सके।
विशेष ऑपरेशन ग्रुप का गठन।
प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सरकार एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) की तर्ज पर एक विशेष ऑपरेशन ग्रुप (SOG) बनाने की योजना पर भी काम कर रही है। यह ग्रुप संगठित अपराध, मादक पदार्थ तस्करी और साइबर अपराध पर तेजी से कार्रवाई करेगा।सरकार के इन फैसलों से प्रदेश में ठगी, साइबर अपराध और नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।