छत्तीसगढ़राजनीतिरायपुर

CG Nikay Chunav Result 2025 LIVE: छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों पर BJP का क्लीन स्वीप, सीएम साय ने कहा-युवाओं को देंगे रोजगार

Chhattisgarh Chunav Result: छत्तीसगढ़ नगरीय‍ निकाय चुनाव में आज हो रही मतगणना में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। 10 में से 6 महापौर पदों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर ली है। बाकी चार पर भी भाजपा उम्मीदवार ही आगे चल रहे हैं। निकाय चुनाव के परिणाम ने कांग्रेस की स्थिति चिंताजनक है। बोदरी नगर पालिका में आप पार्टी की नीलम विजय वर्मा जीती हैं।

छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनावों में महापौर के सभी 10 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल कर ली है। इस जीत के बाद सीएम विष्‍णुदेव साय के निवास के बाहर ढोल-नगाड़े बजते नजर आए। सीएम ने इस ऐतिहासिक जीत के बाद कहा कि सरकार का मेन फोकस रोजगार बढ़ाने पर केंद्रित रहेगा।

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतगणना जारी है। छत्तीसगढ़ के ज्यादातर निगमों में भाजपा उम्मीवार जीत रहे हैं। 15 साल बाद रायपुर नगर निगम में भाजपा उम्मीदवार ने महापौर पद के लिए जीत दर्ज की है। भाजपा की मीनल चौबे बंपर वोटों से विजयी हुई हैं।

इधर जगदलपुर में महापौर पद पर भाजपा के संजय पांडे ने जीत दर्ज कर ली है। कोरबा में भाजपा की संजू देवी राजपूत जीती हैं। बाकी निगमों में भी भाजपा उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं 33 नगर पालिका में भाजपा और 8 पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। 8 नगर निगम में निर्दलीय प्रत्याशी आगे हैं। 67 नगर पंचायतों में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है। इधर बोदरी नगर पालिका में आप पार्टी की नीलम विजय वर्मा ने जीत की है।

दुर्ग नगर निगम में भाजपा को प्रचंड जीत

दुर्ग निगम चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत मिली है। महापौर सहित 40 पार्षद पदों पर भाजपा को जीत मिली है। कांग्रेस 12 वार्डो में सिमटकर रह गई है। 8 में निर्दलीय जीते हैं। 10 नगर निगमों में महापौर और पार्षदों के साथ 49 नगपालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों समेत 173 नगरीय निकायों के अध्यक्ष और पार्षद पद उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला सामने आते जा रहे हैं।

मीनल चौबे नेता प्रतिपक्ष से बनीं महापौर

53 वर्षीय भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। तीन बार की पार्षद रहीं हैं और इन्हें राजनीति का बेहतर अनुभव है।

कांग्रेस की स्थिति चिंताजनक

छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव में 10 नगर निगम में कांग्रेस का एक भी उम्मीदवार महापौर पद के लिए नहीं जीत पाया है। 6 निगमों में भाजपा उम्मीदवार जीत चुके हैं और चार पर यही आगे चल रहे हैं। इधर 49 नगर पालिका में से केवल 8 पर ही कांग्रेस उम्मीदवार जीत की ओर हैं। 114 नगर पंचायतों में से 20 पर ही कांग्रेस आगे है। इन परिणामों ने कांग्रेस की चिंताजनक स्थिति को सामने ला दिया है। चुनाव के दौरान सभी अपने सभी दावों के बावजूद कांग्रेस का प्रदर्शन खराब रहा।

निकाय चुनाव में मिली हार पर कांग्रेस नेता ईवीएम को निशाना बना रहे हैं। उनका कहना है कि बैलेट से वोटिंग होती तो हम जीतते, लेकिन ईवीएम की वजह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। उल्लेखनीय है कि कई जिलों में स्ट्रांग रूम के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता पहरा देने के लिए दिन-रात डटे हुए थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button