छत्तीसगढ़मुंबई

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पकड़ा गया सैफ अली खान पर हमले का संदिग्ध, बिना टिकट ट्रेन में था सवार

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक आरपीएफ ने उसे पकड़ा है। अभिनेता पर हमले के बाद मुंबई पुलिस ने संदिग्ध की फोटो और वीडियो जारी की थी। इसी फोटो के आधार पर शख्स को हिरासत में लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक आरोपित मुंबई से हावड़ा जा रही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस सुपरफास्ट ट्रेन पर सवार था। उसे करीब डेढ़ बजे दुर्ग स्टेशन पर उतारा गया। संदिग्ध शख्स की पहचान 31 वर्षीय आकाश कन्नोजिया के तौर पर हुई है।

मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के बाद आरपीएफ ने दुर्ग रेलवे स्टेशन पर जनरल डिब्बे से उसे हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक वह बिलासपुर जा रहा था। मुंबई पुलिस की टीम रायपुर एयरपोर्ट पहुंची। टीम में मुंबई के पुलिस अधिकारी प्रदीप फूडे भी शामिल है। यहां से टीम तुरंत दुर्ग पहुंची।

मुंबई पुलिस ने संदिग्ध आकाश कन्नौजिया की हमलावर के रूप में पहचान की है। मुंबई पुलिस ने कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मांगेगी। इसके बाद उसे अपने साथ लेकर जाएगी। मुंबई से पुलिस की दो सदस्यी टीम पहुंची है। पूछताछ के बाद टीम जीआरपी पोस्ट से बाहर निकल आई है।

दुर्ग आरपीएफ प्रभारी संजीव के सिंहा ने जानकारी दी है कि पकड़ा गया शख्स अभिनेता सैफ अली खान का हमलावर है। मुंबई पुलिस के फोटो और वीडियो के अनुसार पकड़ा गया शख्स वही है। मामले की सूचना मुंबई पुलिस को दे दी गई है। अभी युवक हिरासत में है।

दुर्ग आरपीएफ प्रभारी संजीव कुमार सिन्हा ने जानकारी दी है कि संदिग्ध की तलाश में दो टीमें जुटीं थीं। मुंबई पुलिस से संदिग्ध के ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में होने की सूचना मिली। इसके बाद दोपहर डेढ़ बजे ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर दो पर जैसे ही पहुंची, वैसे ही आरपीएफ जवानों ने जनरल डिब्बे को खंगाला शुरू कर दिया।

डिब्बे में एक युवक बैठा था। उसका हुलिया संदिग्ध युवक से मिलता-जुलता था। इसके बाद व्हाट्सएप पर मुंबई पुलिस को वीडियो कॉल करके शख्स की पहचान की पुष्टि की गई। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि युवक चांपा स्थित अपने किसी रिश्तेदार के घर जा रहा था और बिना टिकट यात्रा कर रहा था।

16 जनवरी यानी गुरुवार की रात लगभग 2 बजे अभिनेता सैफ अली खान पर हमला किया गया था। अज्ञात शख्स ने उनके घर पर चाकू से वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद अभिनेता को तुरंत मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि अब उनकी हालत बिल्कुल ठीक है।

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच मामले की जांच में जुटी है। संदिग्ध आरोपी के फोटो और वीडियो भी जारी किए जा चुके हैं। आरोपी की तलाश में पुलिस की लगभग 35 टीमें जुटी हैं। अभी तक इस मामले में 50 से अधिक लोगों से पूछताछ हो चुकी है।

सैफ अली खान पर हमले के बाद करीना कपूर और उनके बच्चे बांद्रा स्थित घर से चले गए हैं। पुलिस को करीना कपूर ने बताया कि हमले के बाद वह और उनके बेटे तैमूर और जेह करिश्मा कपूर के घर गए थे। सूत्रों के मुताबिक करीना अपने बच्चों के साथ तब से अपनी बहन करिश्मा कपूर के घर पर रह रही हैं। करीना ने कहा कि हमले के बाद मैं डर गई थी, इसलिए करिश्मा मुझे अपने घर ले आई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button