Kaushambi News: चायल सर्किल में हत्याओं का सिलसिला जारी, 20 दिन में चार लोगों की हत्या; पुलिस पर उठ रहे सवाल

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में चायल सर्किल में चार हत्याओं ने लोगों को दहला दिया है। इन मामलों में नामजद मुकदमा होने के बावजूद अधिकांश आरोपित फरार चल रहे हैं। पुलिस की उदासीनता के कारण लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इस आर्टिकल में हम इन हत्याओं के बारे में विस्तार से बताएंगे और पुलिस की कार्यवाही पर भी चर्चा करेंगे।
- चार हत्याओं से दहला चायल सर्किल, आरोपितोंं की धर-पकड़ में उदसीनता
- कातिलों की तलाश में हांफती नजर आ रही पुलिस
चायल। वैसे तो चायल सर्किल में आपराधिक वारदातों का ग्राफ बढ़ा हुआ है। कभी सरेराह लोगों मोबाइल छीना जा रहा है या फिर राहगीरों को रोक कर बाइकर्स गैंग गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। रात के अंधेरे में लोगों का घर खंगाला जा रहा है। पुलिस वारदात के बाद लकीर पीटने के सिवा कुछ नहीं कर पा रही है। इन सबके बीच बीते 20 दिन के भीतर चार हत्या की वारदात ने तो लोगों को दहला कर रख दिया।
इन मामलों में भी नामजद मुकदमा होने के बावजूद अधिकांश आरोपित फरार चल रहे हैं। ताबड़तोड़ वारदातों से चायल क्षेत्र की जनता खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी है। पुलिसिया उदासीनता के पीछे लोग अधिकारियों की मॉनीटरिंग का अभाव मान रहे हैं।
अगस्त माह में हुई हत्या की वारदातें
केस- 1: चरवा क्षेत्र के मलाक नगर निवासी 42 वर्षीय जय सिंह इलेक्ट्रिशियन थे। तीन अगस्त को वह साथी लालचंद्र निवासी असरफपुर के साथ क्षेत्र के पंसौर गांव के राजू को छोड़ने के लिए निकले थे। इस बीच पंसौर गांव के बाहर चार अगस्त की सुबह जय सिंह का शव सड़क किनारे लहूलुहान हालत में मिला। भतीजे सोनू को तहरीर पर पुलिस ने लालचंद्र व राजू के खिलाफ केस दर्ज किया। लालचंद्र को पुलिस ने पकड़कर जेल भेजवाया। राजू अभी भी फरार है। इससे मृतक के स्वजन में नाराजगी है।
केस- 2: संदीपन घाट क्षेत्र के सिकंदरपुर बजहां गांव में गुरुवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर हमलावरों ने दंपती को लाठी डंडे और लोहे की राड से पीट दिया। इसमें 44 वर्षीय सुनीता देवी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पति देवराज यादव घायल हो गए। बेटा अरुण यादव ने गांव के ही चार आरोपितों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस सुनीता की मौत को बीमारी का नाम देकर अब तक कार्रवाई से पल्ला झाड़े हुए है। थानाध्यक्ष ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई दिन पुरानी चोट की पुष्टि हुई है। जांच में झगड़े जैसी बात भी सामने नहीं आ रही है।
केस- 3: चरवा के समसपुर निवासी लालजी के यहां बर्थ-डे पार्टी में शामिल होने आए जसवंत निवासी रूपनारायणपुर गोरियो सैनी की पिटाई की गई। इससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने कोखराज के ककोढ़ा निवासी मुन्नूलाल समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। मुन्नूलाल को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजा। शेष दो आरोपितों की धर-पकड़ में पुलिस हवाई तीर चला रही है।
केस- 4: पिपरी के शेरगढ़ निवासी रामकैलाश की पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार को लोहे के पाइप से हमला कर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया। एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपित अभी भी फरार है। दो दिन से पुलिस लकीर पीटने के सिवा कुछ नहीं कर पा रही है।
हत्या की घटनाएं अचानक में हुई हैं। इन मामलों में जो भी आरोपित अब तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। उनकी तलाश जारी है। लूट, चोरी व छिनैती जैसी घटनाओं को ध्यान में रखते हुए थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि घटनाओं का अनावरण करने में लापरवाही न बरतें। एसओजी टीम को भी आपराधिक गतिविधि पर नजर रखने के लिए निर्देशित किया गया है। समीक्षा बैठक में आपराधिक मुकदमों की समीक्षा भी की जाती है। – बृजेश कुमार श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक