
रायपुर। छत्तीसगढ़ में रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस वे घोटाले को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा के बीच इस मुद्दे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले यह सोचना चाहिए कि यह मामला कब का है और किसके कार्यकाल में यह हुआ। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले खुद यह समझना चाहिए कि उन्हें कहना क्या है।
पीएम मोदी के दौरे को लेकर क्या बोले उपमुख्यमंत्री?
डिप्टी सीएम अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है, जिसमें भूमि पूजन, लोकार्पण और विभिन्न योजनाओं की घोषणा की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रारंभिक चर्चा हो चुकी है और जैसे ही कार्यक्रम तय होगा, इसकी आधिकारिक सूचना दी जाएगी।
अवैध कब्जों पर नगर निगम की कार्रवाई जारी।
राजधानी रायपुर में नगर निगम द्वारा अवैध कब्जों पर की जा रही कार्रवाई पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शहर जैसे-जैसे विकसित हो रहा है, अवैध कब्जों को हटाने की आवश्यकता भी बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग विस्थापित हो रहे हैं, उनके लिए निर्धारित स्थान की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम अपनी कार्रवाई कर रहा है।