
रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के खिलाफ छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी रायपुर में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी पर केंद्र सरकार के इशारे पर काम करने और विपक्षी नेताओं को राजनीतिक दुर्भावना से निशाना बनाने का आरोप लगाया। इसी के विरोध में कांग्रेस ने ईडी दफ्तर के घेराव का ऐलान किया, जिसके तहत कार्यकर्ताओं का विशाल जमावड़ा राजीव गांधी चौक पर देखा गया।
ईडी की कार्रवाई से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश।
ईडी ने हाल ही में कांग्रेस के सुकमा जिला कार्यालय के निर्माण से जुड़ी जानकारी मांगी थी। इस मामले में कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू से लगभग 9 घंटे तक पूछताछ की गई थी। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया, जिसके चलते रायपुर में विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई गई।
राजीव गांधी चौक पर कांग्रेस का प्रदर्शन।
ईडी दफ्तर घेरने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी चौक पर एक विशाल सभा की। इसमें शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व पीसीसी चीफ धनेन्द्र साहू समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। सभा में महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में कांग्रेस के दिग्गज नेता भी शामिल।
जानकारी के मुताबिक, इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी विजय जांगीड़, पीसीसी चीफ दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत भी शामिल होने वाले हैं।
ईडी दफ्तर के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।
कांग्रेस के इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए रायपुर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। ईडी दफ्तर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई है।
कांग्रेस का केंद्र सरकार और ईडी पर निशाना।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ईडी भाजपा के इशारे पर काम कर रही है और विपक्षी नेताओं को टारगेट किया जा रहा है। पार्टी ने कहा कि वह इस कार्रवाई के खिलाफ लगातार संघर्ष करेगी और यदि जरूरत पड़ी तो बड़े स्तर पर आंदोलन भी किया जाएगा।