छत्तीसगढ़रायपुरहादसा

खौफनाक घटना: 10 मिनट तक छह साल के मासूम को नोचते रहे तीन आवारा कुत्ते, खोपड़ी खुल गई, शरीर में 200 से ज्‍यादा छेद

आवारा कुत्‍तों ने मंगलवार को एक 6 वर्षीय बच्‍चे को अपना शिकार बनाया। फिलहाल बच्चे का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, लेकिन प्रशासन से अब तक कोई मदद नहीं पहुंची है। मिली जानकारी के अनुसार बच्चा मजदूर परिवार से आता है, जिसके चलते स्वजन को निजी अस्पताल में उपचार कराने के लिए भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

रायपुर। शहर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। दरअसल दलदल सिवनी के आर्मी चौक के पास छह वर्ष के मासूम बासु कश्यप को तीन आवारा कुत्तों ने 10 मिनट तक नोच-नोच कर काटा, जिसके चलते उसके सिर में बड़े जख्म के साथ शरीर में करीब 200 से अधिक छेद हुए हैं। वहीं, पीठ का मांस भी कुत्ते नोच डाले हैं। दरअसल बच्चा अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था, तभी आवारा कुत्तों ने बच्चे पर हमला कर दिया, जिसे देखकर दूसरे बच्चे रोते हुए बच्चे के पिता के पास पहुंचे। शाम के वक्त अंधेरे में दौड़ते हुए बच्चे का पिता जब मौके पर पहुंचे तो देखकर वे अचंभित हो गए। पहले तो उन्हें समझ ही नहीं आया कि बच्चा किधर है, क्योंकि कुत्ते लगातार बच्चे को नोच-नोचकर खा रहे थे। इस बीच उन्होंने बड़ी मुश्किल से कुत्तों के चंगुल से बच्चे को बचाया और अस्पताल ले गए।

शहर में लगातार हो रही घटनाएं

  • कुत्तों के काटने के मामले शहर में लगातार सामने आ रहे हैं। बीते महीने एक ऐसा ही मामला जोन-2 के सांई नगर क्षेत्र में हुआ था, जहां पर एक कुत्ते ने आठ वर्ष की अंजलि के ऊपर हमला कर दिया था।
  • इस मामले में स्थानीय लोगों बताया था कि काटने वाले कुत्ते को निगम की टीम पहले उठाकर ले गई थी, बाद में उसी जगह लाकर छोड़ दी।
  • कुछ दिनों तक कुत्ते की स्थिति ठीक थी, फिर उसने लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया है, जिसकी शिकायत भी निगम में की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सालभर में एक लाख 20 हजार लोगों को कुत्तों ने काटा

  • प्रदेश में सालभर में एक लाख 20 हजार लोगों को कुत्ते काट चुके हैं। अगस्त 2024 को मानव अधिकार आयोग ने प्रदेश में बढ़ते डाग बाइट के केस को लेकर चिंता जाहिर की थी।
  • आयोग ने साल 2023 के आंकड़े पेश करते हुए बताया था कि, साल 2023 में एक लाख 20 हजार लोगों को कुत्तों ने काटा था, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई।
  • मानव अधिकार आयोग ने यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग से लेकर सार्वजनिक की थी। साथ ही निकायों को डाग बाइट की घटनाओं को रोकने के निर्देश और लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने की बात कही थी।

रायपुर में 15 हजार से अधिक लोगों को कुत्तों ने बनाया शिकार

  • साल 2023 में रायपुर में 15 हजार से अधिक डाग बाइट के केस सामने आए थे।
  • आयोग ने अपनी प्रेस कान्फ्रेंस में बताया था कि प्रदेश में सबसे अधिक कुत्ते काटने के मामले रायपुर में है।
  • 2023 में रायपुर में 15 हजार 953 लोगों को कुत्तों ने काटा था।
  • बिलासपुर में 12,301 डाग बाइट के मामले आए थे। और दुर्ग में 11,084
  • लोगों को कुत्ते ने काटा था।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button