अपराधछत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में 8 लाख कैश, 9 लाख के जेवर और क्रेटा कार ले गए चोर; DVR गायब

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक व्यापारी के घर से 32 लाख की चोरी हुई है। शुक्रवार शाम 2 चोर सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे। फिर अलमारी में रखे 8 लाख कैश, 9 लाख कीमती सोने-चांदी के जेवरात, नई क्रेटा कार (15 लाख कीमत) और एक मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना कसडोल थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, छांछी गांव स्थित व्यापारी गणपति एजेंसी के मालिक चोलेश उर्फ पिंटू साहू अपने परिवार के साथ किसी काम से बाहर गए थे। घर पर कोई भी नहीं था। वारदात के बाद चोर अपनी पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। चोलेश इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के कारोबार से जुड़े हैं।

मेन डोर का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर

व्यापारी की पत्नी श्रुति साहू ने बताया कि, मेन डोर का ताला तोड़कर चोर अंदर आए थे। हमें इसकी जानकारी शाम को लगी, जबकि सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग दोपहर 2 बजे के बाद बंद हो गई थी।

ताला तोड़ते समय चोर CCTV में कैद

सीसीटीवी का डीवीआर नहीं होने से पुलिस को जांच में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, घटना के दौरान घर का ताला तोड़ते समय 2 चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए है। पुलिस के मुताबिक, वो कटगी गांव के बाजार में कार छोड़कर भाग गए। दोनों चोर बाइक से आए थे।

पुलिस के हाथ लगा बड़ा सुराग

इस मामले में एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह का कहना है कि, चोरी के मामले में पुलिस के हाथ बड़ा सुराग लगा है, जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीसीटीवी में चोर घुसते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन डीवीआर नहीं होने से बाद की घटना की रिकार्डिंग नहीं है।

इलाके में लगातार हो रही चोरी

इससे पहले, कसडोल के राम जानकी नगर में भी तीन घरों के ताले टूटे थे। बुधवार को भी ग्राम छांछी में चोरी की घटना हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों की मांग है कि, पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और चोरों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button