
रायपुर के सिलतरा इंडस्ट्रियल एरिया में एक भयानक हादसा हुआ। शनिवार देर रात एक क्रेन गिर गई। इस हादसे में दो क्रेन ऑपरेटर पिघले हुए लोहे में गिर गए। दोनों की मौके पर ही जलने से मौत हो गई।
मृतकों के नाम सोनू राय (29) और जितेंद्र श्रीवास (36) हैं। सोनू राय बिहार के रहने वाले थे, जबकि जितेंद्र श्रीवास बिलासपुर के। दोनों सिलतरा के साईं विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। हादसे के वक़्त दोनों नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे।
फैक्ट्री में बनाई जाती थी लोहे की प्लेट
सिलतरा पुलिस पोस्ट इंचार्ज बालेश्वर लहरे ने बताया कि दोनों रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक क्रेन ऑपरेटर के तौर पर काम करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। क्रेन के मलबे में दबे दोनों ऑपरेटरों के शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अंबेडकर अस्पताल भेज दिए गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
22 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा
कंपनी ने दोनों मृतकों के परिवारों को 22-22 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है। जिस फैक्ट्री में यह हादसा हुआ, वहां लोहे की प्लेट, एंगल और ब्लेड बनते हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
यह हादसा रात के समय हुआ, जब दोनों कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर थे। क्रेन अचानक गिर गई, जिससे दोनों ऑपरेटर गर्म धातु मलबे में गिर गए। पिघला हुआ लोहा जिसे ‘स्लैग’ कहते हैं, बेहद गर्म होता है। इसमें गिरने से दोनों को गंभीर रूप से जलने से मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। क्रेन के रखरखाव और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी।