सरकारी बजट से निराश अनियमित कर्मचारी, 13 अप्रैल को करेंगे हड़ताल।

रायपुर। राज्य सरकार के बजट में नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों की अनदेखी से नाराज छत्तीसगढ़ प्रगतिशील अनियमित कर्मचारी फेडरेशन ने हड़ताल का ऐलान किया है। फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद साहू ने कहा कि बजट में उनकी मांगों पर कोई घोषणा नहीं की गई, जिससे प्रदेशभर के अनियमित कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को रायपुर में बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट गार्डन में हुई बैठक।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील अनियमित कर्मचारी फेडरेशन और अन्य अनियमित संगठनों के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट गार्डन रायपुर में बैठक कर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया। बैठक में फेडरेशन के विभिन्न पदाधिकारी, 20 अनियमित संगठनों के प्रतिनिधि और 11 विभागों से 50 से अधिक लोग शामिल हुए।
अनियमित कर्मचारियों की प्रमुख मांगें।
1. कर्मचारियों का नियमितीकरण और स्थायीकरण किया जाए।
2. निकाले गए कर्मचारियों की बहाली हो।
3. न्यूनतम वेतन सुनिश्चित किया जाए और अंशकालीन कर्मचारियों को पूर्णकालीन किया जाए।
4. आउटसोर्सिंग और ठेका कर्मचारियों को विभाग में सीधे नियोजित किया जाए।
अनियमित कर्मचारियों ने सरकार से जल्द से जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।