राष्ट्रीय

आम आदमी पार्टी में शामिल हुए अनिल झा, कैलाश गहलोत के इस्तीफे के सवाल को अरविंद केजरीवाल ने मुस्कुराकर टाला

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले दल बदल का खेल शुरू हो गया है। एक तरह जहां दिग्गज नेता कैलाश गहलोत ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी। वहीं दूसरी तरह भाजपा के दो बार के विधायक रहे अनिल झा ने आप का दामन थाम लिया। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में झा आप में शामिल हुए। झा के पार्टी में शामिल होने के बाद केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पूर्वांचल के लोगों के साथ अन्याय किया है।केजरीवाल ने कहा, ‘अनिल झा का AAP में स्वागत है। अनिल झा पूर्वांचल के सबसे बड़े नेताओं में से एक माने जाते हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार से लोग शिक्षा और रोजगार के लिए दिल्ली आते हैं। जब DDA गरीबों के लिए घर बनाने में विफल रहा, तो अवैध कॉलोनियां बनाई गईं और उनमें बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग रहते हैं। दोनों पार्टियों (कांग्रेस और भाजपा) ने पूर्वांचल के लोगों के साथ अन्याय किया है। जब मैं मुख्यमंत्री बना, तो पहली बार मैंने अवैध कॉलोनियों में सड़क, सीवर और पानी की पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया। हमने 1750 अवैध कॉलोनियों में से 1650 में पानी की पाइपलाइन बिछा दी है।’अनिल झा के आप में स्वागत के लिए आयोजित प्रेस वार्ता में केजरीवाल से कैलाश गहलोत के इस्तीफे के बारे में भी सवाल किया गया। केजरीवाल ने इस सवाल का जवाब नहीं दिया, बाद मुस्कुराकर इसे टाल दिया। इस संदर्भ में सवाल पूछे जाने पर केजरीवाल ने माइक पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक की ओर मोड़ दिया। उन्होंने इस सवाल का जवाब दिया।पाठक ने कहा, ‘कैलाश गहलोत से कई महीनों से ईडी और आयकर विभाग पूछताछ कर रहा था और उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रहा था। इसलिए उनके पास कोई विकल्प नहीं था। लेकिन इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि भाजपा दिल्ली चुनाव हार गई है। उनके पास कोई मुद्दा नहीं है, वे ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के दम पर लड़ रहे हैं और हम लोगों के मुद्दों पर लड़ रहे हैं।’ बता दें, गहलोत ने रविवार को आम आदमी पार्टी की दिशा और दशा पर सवाल उठाते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया। गहलोत के इस्तीफे पर अब जमकर राजनीति हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button