
पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता सुखबीर सिंह बादल पर फायरिंग की खबर है. वह इस हमले में बाल-बाल बच गए हैं. कहा जा रहा है कि एक शख्स ने गोल्डन टेम्पल के गेट पर उन पर फायरिंग की |
मौजूद लोगों की सतर्कता की वजह से बड़ा हादसा टल गया. लोगों ने हमलावर को धर दबोचा. पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में ले लिया है. आरोपी की पहचान नारायण सिंह चौरा के रूप में हुई है। नारायण सिंह चौरा आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा से जुड़ा हुआ है। उसने अपनी पिस्टल से सुखबीर बादल की जान लेने की कोशिश की थी, कि तभी वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। राहत की बात है कि सुखबीर सिंह बादल पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
नारायण सिंह चौरा को लेकर पंजाब के विशेष डीजीपी ने क्या कहा?
आरोपी नारायण सिंह चौरा पर पंजाब के विशेष डीजीपी (कानून और व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने कहा कि इस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका पिछला आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ 21 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उससे सवाल कर रही है। इसलिए,जैसे ही हमें अधिक तथ्यों के बारे में पता चलेगा,हम आपके साथ साझा करेंगे।
सुखबीर बादल पर गोली चलाए जाने की घटना पर पहली बार मीडिया से बोले पंजाब सीएम
स्वर्ण मंदिर पर सुखबीर सिंह बादल पर गोली चलाए जाने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। पंजाब पुलिसकर्मियों की सतर्कता के कारण एक बड़ी घटना टल गई। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। मैं पुलिस और डीजीपी के वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हूं। मैंने उन्हें घटना की गहन जांच करने का आदेश दिया है। बहुत जल्द,हमले के पीछे का मकसद पता चल जाएगा। हम राज्य की छवि खराब करने के उद्देश्य से ऐसी साजिशों को सफल नहीं होने देंगे। मैं सुखबीर बादल पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। अमृतसर में 175 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। एक सख्त और निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों को दंडित किया जाएगा।