Newsछत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर नगर निगम में हड़ताल का असर… न बना आयुष्मान न सुधरा राशन कार्ड में नाम

प्लेसमेंट कर्मचारियों के साथ-साथ नगर निगम के नियमित कर्मचारियों की एक दिन की हड़ताल की वजह से मंगलवार को कामकाज पूरी तरह से प्रभावित रहा। वहीं, दिनभर नगर निगम कार्यालय में अपने काम को लेकर वहां आम लोगों का आना-जाना लगा रहा। मगर, किसी का काम नहीं हुआ।

न ही किसी का राशन कार्ड बन पाया और न ही आयुष्मान कार्ड। वहीं, टैक्स जमा करने के काउंटर भी बंद रहे। कार्यालय में मौजूद सुरक्षाकर्मी और चपरासी काम कराने पहुंचे नागरिकों को हड़ताल की जानकारी देकर वापस लौटाते दिखे। कर्मचारियों की हड़ताल से लोगों में भी आक्रोश दिखा।

नगर निगम पहुंचे कुछ नागरिकों का कहना था कि एक तो सप्ताह में पांच दिन ही सरकारी कार्यालय खुलते हैं, उसमें भी कभी हड़ताल तो कभी छुट्टी की वजह से उनका दो दिन का काम दस दिन में भी नहीं हो पा रहा है। बता दें कि निगम में 31 दिसंबर से पहले टैक्स चुकाने पर छह प्रतिशत की छूट मिलेगी, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग टैक्स पटाने निगम दफ्तर पहुंच रहे हैं।

नहीं सुधरा राशन कार्ड में नाम

अमलीडीह के रहने वाले दामन लाल मंगलवार को नगर निगम के जोन-10 कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड में उनका नाम गलत लिखा है, जिसे वे सुधरवाना चाहते हैं। इसके लिए जोन कार्यालय आए थे, लेकिन कार्यालय पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि कामकाज नहीं होगा। सभी कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा, सरकारी कर्मचारियों के साथ आए दिन की यह समस्या है।

नवीनीकरण के लिए भटक रहे

बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड के रहने वाले उदय शंकर राशन कार्ड का नवीनीकरण कराने के लिए जोन कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। उनके घर से जोन कार्यालय लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर है। इतनी दूर चलकर जोन कार्यालय पहुंचने के बाद मंगलवार को उन्हें पता चला कि आज सभी कर्मी हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि हमारा सरकारी सिस्टम भी लोगों के लिए परेशानी खड़ी करते रहता है।

टैक्स में नहीं हुआ नाम ट्रांसफर

पुष्पांजलि कॉलोनी अमलीडीह के रहने वाले राजेश तिवारी अपने टैक्स के दस्तावेज में नाम ट्रांसफर कराना चाहते हैं, लेकिन कभी हड़ताल तो कभी छुट्टी के चलते उनका काम नहीं हो पाया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो साहब कार्यालय में नहीं मिलते हैं। मंगलवार को काम कराने निगम के जोन कार्यालय पहुंचे। इस दौरान काम नहीं होने पर उन्होंने कहा कि गुरुवार को हड़ताल पर कर्मचारी जाते तो अच्छा था।

नहीं बना आयुष्मान कार्ड

गांधी नगर की रहने वाली आशाबाई धृतलहरे आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए लंबे समय से परेशान हैं। मंगलवार को जोन कार्यालय में वे आयुष्मान कार्ड बनवाने पहुंचीं थीं, लेकिन हड़ताल की वजह से उनका काम नहीं हुआ। कहा कि वे घर का कामकाज छोड़कर बड़ी मुश्किल से जोन कार्यालय पहुंचती हैं, लेकिन बिना काम हुए उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। कुछ न कुछ कमी की वजह से उन्हें लौटा दिया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button